Dainik jagran
Summary ratings: 3 stars
(xx voters)
विजिट्स:
65
शब्द:
900
प्रकाशन तिथि: जनवरी 13, 2008
स्टैनफोर्ड में पढ़ें, कॉर्पोरेट लीडर बनें
क्या आप विदेश की किसी प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से एमबीए करके वर्ल्ड के बेस्ट कॉर्पोरेट लीडर की जमात में शामिल होना चाहते हैं? यदि हां, तो जाहिर है कि इसके लिए आप ऐसे संस्थान का चुनाव करना चाहेंगे, जहां आपकी प्रतिभा और कौशल को आपके सपने के अनुरूप आकार दिया जा सके। वैसे, यह सपना भारतीय बिजनेस स्कूल में दाखिला लेकर भी पूरा कर सकते हैं। यदि आप अब्रॉड से एमबीए करने की सोच रहे हैं, तो अमेरिका के कैलिफोर्निया में स्थित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस यानी जीएसबी से एमबीए करना बेहतर विकल्प हो सकता है। 1925 ई. में स्थापित इस यूनिवर्सिटी एमबीए की पढाई करने वाले तमाम लोगों ने कॉर्पोरेट लीडर के रूप में दुनिया भर में अपना लोहा मनवाया। ऐसी शख्सियतों में प्रमुख हैं : मुकेश अंबानी (चेयरमैन, रिलायंस इंडस्ट्रीज लि.), स्टीव ए बॉल्मर (माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व सीईओ), बॅड कॉलिगन (संस्थापक सदस्य, माइक्रोमीडिया), फिल नाइट (संस्थापक, नाइक) आदि। इसके अलावा यहां आयोजित होने वाले सेमिनार्स या वर्कशॉप्स आदि में नारायण मूर्ति (संस्थापक, इंफोसिस), अल गोर (अमेरिका के पूर्व उपराष्ट्रपति), पामेला थॉमस सीएनबीसी (यूएस की केबल ऐंड सैटेलाइट टेलीविजन चैनल) की पूर्व सीईओ, जोरमा ओलिला (चेयरमैन और सीईओ, नोकिया) जैसे व्यक्तित्व हिस्सा लेते हैं। ऐसी महान हस्तियों वाले माहौल में ही स्टूडेंट्स में कार्पोरेट वर्ल्ड में कुछ नया करने का हौसला पैदा होता है। बहरहाल, अगर आपने भी जीएसबी में दाखिला लेने का मन बना लिया है, तो जानते हैं जीएसबी के एमबीए स्टडी प्रोग्राम और दाखिले की प्रक्रिया के बारे में..
एकेडमिक शेड्यूल
जीएसबी के वर्ष भर के एकेडमिक टर्म को चार भागों में बांटा जाता है। प्रत्येक एकेडमिक टर्म की अवधि लगभग आठ से दस हफ्ते की होती है। इसका शेड्यूल इस प्रकार से है :
सितंबर से दिसंबर
जनवरी से मार्च
अप्रैल से जून
जून के अंतिम सप्ताह से अगस्त माह तक प्रत्येक एकेडमिक टर्म में स्टूडेंट्स को पूरे पाठ्यक्रम के 15 यूनिट्स की पढाई करनी होती है।
एमबीए स्टडी प्रोग्राम
जीएसबी से आप फुल टाइम एमबीए कोर्स और सर्टिफिकेट एमबीए कोर्स, दोनों कर सकते हैं। फुल टाइम एमबीए : फुल टाइम मैनेजमेंट कोर्स में दाखिला लेने के बाद शुरुआती दिनों में छात्रों की सामान्य मैनेजमेंट कैपेसिटी को परखा जाता है। इसके तहत छात्रों की शैक्षिक पृष्ठभूमि को और मजबूत करने पर जोर दिया जाता है। जैसे-जैसे कोर्स की अवधि आगे बढती है, वैसे-वैसे कोर्स की आधारभूत जानकारी से शुरू कर अंत में स्टूडेंट्स को जटिल और एडवांस विषयों के बारे में विस्तार से पढाया जाता है।
सर्टिफिकेट कोर्स : फुल टाइम कोर्स के अलावा, स्टूडेंट्स यहां के सर्टिफिकेट कोर्स में भी बडी संख्या में दाखिला लेते हैं। यहां मुख्यतया मैनेजमेंट के दो विषयों-पब्लिक मैनेजमेंट और ग्लोबल मैनेजमेंट प्रोग्राम में स्टूडेंट्स को सर्टिफिकेट दिया जाता है। पब्लिक मैनेजमेंट में सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए स्टूडेंट्स को पाठ्यक्रम के 30 यूनिट में से कम से कम 16 यूनिट को कम्प्लीट करना जरूरी होता है। वहीं, ग्लोबल मैनेजमेंट में सर्टिफिकेट हासिल करने के लिए भी स्टूडेंट्स को 30 में से 16 यूनिट्स कम्प्लीट करना होता है। वैसे, ग्लोबल मैनेजमेंट में सर्टिफिकेट लेने के इच्छुक स्टूडेंट्स को इंटरनेशनल बिजनेस के बारे में भी अलग से पढना होता है।
पब्लिक मैनेजमेंट के विषय : एथिक्स ऐंड कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी, लीडिंग सोशल चेंज, इनोवेशन ऐंड मैनेजमेंट इन हेल्थ केयर आदि।
ग्लोबल मैनेजमेंट के विषय : ग्लोबल ऐंड इंटरनेशनल मार्केटिंग, ग्रोथ ऐंड स्टेबिलाइजेशन इन ग्लोबल इकोनॉमी, इंटरनेशनल डील मार्केटिंग, इंटरनेशनल डेवॅलपमेंट आदि।
प्रवेश के लिए योग्यता
जीएसबी के फुल टाइम एमबीए प्रोग्राम और सर्टिफिकेट कोर्स में दाखिला लेने के लिए निम्नलिखित योग्यताएं होना जरूरी है :
शैक्षिक योग्यता
तीन वर्षीय बैचलर डिग्री।
टॉफेल की परीक्षा पास की हो।
जीआरई या जीमैट टेस्ट भी उत्तीर्ण किया हो।
अंग्रेजी का स्तरीय ज्ञान हो।
व्यक्तिगत योग्यता
अभ्यर्थियों की व्यक्तिगत योग्यता को मुख्यरूप से तीन स्तर पर परखा जाता है :
बौद्घिक क्षमता
लीडरशिप कैपेसिटी
एक्स्ट्रा-करिकुलर एक्टिविटीज
दाखिले की प्रक्रिया
दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होता है। ऑनलाइन से ही उन्हें ऐप्लिकेशन पहुंच जाने की सूचना मिल जाती है। ऑनलाइन ऐप्लिकेशन भेजते समय अगर कोई तकनीकी समस्या आती है, तो वे ई-मेल के माध्यम से अपनी समस्या बता सकते हैं। इसकी मदद से वे अपनी समस्या आसानी से सुलझा सकते हैं। आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को मुख्य रूप से निम्नलिखित डाक्यूमेंट्स देने होते हैं :
तीन अनुशंसा पत्र।
निबंध।
पेशे से जुडी जानकारी और विचार।
स्टूडेंट्स के डॉक्यूमेंट्स को पूरी तरह जांचने के बाद ही उन्हें अंतिम रूप से इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है। इंटरव्यू में ही स्टूडेंट्स से शैक्षिक और दूसरे अन्य प्रमाणपत्रों की मांग की जाती है।
स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में आवेदन प्रक्रिया
जीएसबी में आवेदन करने की प्रक्रिया तीन चरणों में संपन्न होती है। वर्ष 2007-08 के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया को निम्नलिखित डेडलाइन के अंतर्गत रखा गया है :
पहला चरण
24 मार्च, 2008 तक
दूसरा चरण
9 मई, 2008 तक
तीसरा चरण
21 मार्च, 2008 से
2 जून, 2008 तक
अधिक जानकारी के लिए स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की वेबसाइट www.stanford.edu पर संपर्क कर सकते हैं।
सीमा झा