Dainik jagran
Summary ratings: 3 stars
(xx voters)
विजिट्स:
47
शब्द:
600
प्रकाशन तिथि: जनवरी 13, 2008
भारतीय वनडे टीम का चयन 20 को मुंबई। आस्ट्रेलिया के खिलाफ 1 फरवरी को होने वाले एकमात्र ट्वंटी 20 अंतरराष्ट्रीय मैच और 3 फरवरी से शुरू होने वाली त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन मुंबई में 20 जनवरी को किया जाएगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रत्नाकर शेट्टी ने यह जानकारी दी। चयन की यह तारीख पर्थ में भारत और आस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट के अंतिम दिन और दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच वानखेडे़ स्टेडियम में होने वाले फाइनल रणजी ट्राफी मुकाबले के साथ ही पड़ रही है। मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरककर समेत पांच में से केवल तीन चयनकर्ता ही मुंबई में टीम के चयन के मौके पर मौजूद हो पाएंगे। चयन समिति के दो अन्य सदस्य वेंकटपति राजू और रंजीब बिस्वाल आस्ट्रेलिया में होंगे और उम्मीद है कि इन दोनों से टेलीकाफ्रेंस से बातचीत की जाएगी। इस बीच बीसीसीआई के संयुक्त सचिव महेंद्र पांडोव भी दो हफ्ते के लिए सोमवार को आस्ट्रेलिया के लिए रवाना होंगे। शेट्टी ने कहा कि पांडोव वहां बतौर वरिष्ठ अधिकारी जा रहे हैं। ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह पर तीन टेस्ट मैचों के प्रतिबंध के संबंध में बोर्ड की आईसीसी मैच रैफरी माइक प्रॉक्टर के इस फैसले को बदलने की कोशिशों के लिए पांडोव का आस्ट्रेलियाई दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर एंड्रयू सायमंड्स ने सिडनी में दूसरे टेस्ट के दौरान हरभजन पर नस्लीय टिप्पणी का आरोप लगाया था जिसके बाद प्रॉक्टर ने उन पर तीन मैचों का प्रतिबंध लगा दिया था। बीसीसीआई ने इस प्रतिबंध को अस्वीकार्य करार कर इसके खिलाफ अपील की थी। आईसीसी ने इस प्रतिबंध के खिलाफ अपील की सुनवाई के लिए न्यूजीलैंड के हाई कोर्ट जज जस्टिस जान हेनसन को अपील कमिश्नर नियुक्त किया था। बीसीसीआई के अध्यक्ष शरद पवार सोमवार को दुबई में होने वाली आईसीसी की कार्यकारी बोर्ड की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आईसीसी की बैठक के दौरान सिडनी टेस्ट का मामला उठने की उम्मीद है जिसमें अंपायरों की गलतियां और हरभजन का मुद्दा शामिल है। इस टेस्ट के बाद ही अंपायर स्टीव बकनर को इस सीरीज में अंपायरिंग से हटा दिया गया था।