Summarize Human Knowledge

.

श्वूंग होम>फिल्म>क्लासिकल>सदाबहार गायक थे किशोर कुमार

.

सदाबहार गायक थे किशोर कुमार

द्वारा : absolutezero    

लेखक : BBChindi.com

कई दशकों तक हिंदी सिनेमा के पार्श्वगायन में छाए रहे किशोर कुमार को उनकी बीसवीं पुण्यतिथि पर समूचा बॉलीवुड याद कर रहा है।

1950-70 के दशकों में मुकेश साहब और रफ़ी साहब के समकालीन रहे किशोर को उनके रूमानी, दर्द भरे, कॉमेडी एवं पश्चिमी तर्ज के गीतों के साथ-साथ पॉप जगत में भी लोकप्रियता हासिल है।


आभास कुमार गांगुली यानी किशोर दा का जन्म 4, अगस्त 1929, को मध्यप्रदेश के खंडवा में एक बंगाली परिवार में हुआ था। उनके पिता कुंजालाल गांगुली एक वकील थे। किशोर चार भाई बहनों में सबसे छोटे थे। उनके सबसे बड़े भाई अशोक कुमार मुम्बई में एक अभिनेता के रूप में स्थापित हो चुके थे और उनके एक और भाई अनूप कुमार भी फ़िल्मों में काम कर रहे थे।


 उन्होंने 1948 में बाम्बे टॉकीज़ की फिल्म 'ज़िद्दी' में पहला गाना गाया। बतौर अभिनेता उनकी पहली फ़िल्म 1951 में फणी मजूमदार की 'आंदोलन' रही। उनकी कुछ प्रसिद्ध फ़िल्में हैं - 'न्यू - देलही', 'आशा', 'झुमरू', 'हाफ़ टिकट', 'चलती का नाम गाड़ी' । 'पड़ोसन' में निभाये गए उनके किरदार को कौन भूल सकता है। उन्होंने लगभग 81 फ़िल्मों में अभिनय किया था। बहुमुखी प्रतिभा के धनी किशोर दा को गायकी में आगे बढ़ाने का श्रेय जाता है एस. दी. बर्मन को। किशोर कुमार ने लगभग 574 फ़िल्मों के लिए गाना गाया था। एसडी बर्मन ने उन्हें फ़िल्म 'मुनीम जी', 'टैक्सी ड्राइवर', 'फंटूश', 'नौ दो ग्यारह', 'पेइंग गेस्ट', 'गाईड', 'ज्वेल थीफ़', 'प्रेमपुजारी', 'तेरे मेरे सपने' में मौका दिया। फ़िल्म डॉन के 'खइके पान बनारस वाला' ने उन्हें नयी ऊँचाइयों पर ला दिया। किशोर कुमार ने हिंदी के अलावा तमिल, मराठी, असमी, गुजराती, कन्नड़, भोजपुरी, मलयालम और उड़िया भाषा में भी गाने गाए। कुंदन लाल सहगल को अपना गुरू मानने वाले किशोर कुमार ने उस दौर की शीर्ष गायिकाओं, आशा भोंसले एवं लता मंगेशकर के साथ बेहद हिट गाने दिए।


किशोर कुमार को 1969 में फ़िल्म आराधना के लिए पार्श्रगायकी में फ़िल्म फेयर एवार्ड मिला था। उन्हें गायकी के लिए रिकार्ड आठ बार यह पुरस्कार मिला था। गायकी के साथ-साथ किशोर दा ने 70 के दशक के बाद निर्देशन भी आजमाया, लगभग 12 फिल्में कीं, पर असफल रहे। आज भले ही किशोर दा हमारे बीच नही हैं पर उनकी आवाज़ सबको दीवाना बनाए हुए है और उनके गीत हमेशा अमर रहेंगे।


प्रकाशन तिथि: जुलाई 01, 2009
कृपया इस सार का मूल्यांकन करें : 1 2 3 4 5

Bookmark & share this post

.