खीरे के टुकड़े गोलाकार काट कर या कद्दूकस कर के आंखों पर कुछ देर रखने से आंखों को आराम मिलेगा और काले घेरे भी दूर होंगे। चेहरे के निखार के लिए गाजर, खीरे, टमाटर या संतरे के रस को लगाया जाए तो यह त्वचा के लिए उत्कृष्ट टॉनिक के समान काम करेगा और इससे चेहरे की कांति भी बनी रहेगी। केले या पपीते के गूदे को मसल कर शहद के साथ मिलाकर चेहरे पर लगाएं। यह कुदरती मॉस्चराइजर का काम करता है। बथुआ उबालने के बाद उसके बचे हुए पानी को फेंकने के बजाय, उससे हाथ धोया जाए तो वे मुलायम बने रहते हैं। चावल के मांड से हाथ धोने पर, हाथों की नमी बनी रहती है। मूली का रस चेहरे की झाइयां समाप्त करता है। दही में शहद मिलाकर चेहरे पर लगाएं। ये त्वचा की टैनिंग दूर करता है। नीबू के छिलकों पर थोडी चीनी डालकर नाखूनों या एडियों पर रगडने से त्वचा का कालापन हट जाता है। अधिक तेज धूप में आने-जाने से यदि आपकी त्वचा झुलस गई हो तो दो चम्मच टमाटर के रस में, चार चम्मच छाछ मिलाकर लगाएं। लाभ होगा। सांवली त्वचा के लिए चिरौंजी दाना को रात भर दूध में भिगोकर रखें। सुबह पीसकर उसमें हल्दी मिलाकर चेहरे पर लगाएं। एक घंटे बाद धो लें। चेहरे की खुश्की दूर होगी और निखार भी आएगा। एक चम्मच पुदीने के पेस्ट में चंदन का तेल, घिसी हुई जायफल और कच्चा दूध मिलाकर चेहरे पर लगाएं। दो घंटे बाद धो लें। मुंहासों के उपचार के लिए यह उपाय सबसे बेहतरीन है। एक चम्मच चने की दाल को दूध में रात भर के लिए भिगो दें। सुबह पीस कर इसमें हल्दी, मलाई और दो-चार बूंद गुलाब जल मिलाकर चेहरे पर लगाएं। सूखने पर हलके हाथों से मलकर छुडाएं। आधे घंटे बाद धो लें। यह तैलीय त्वचा के लिए प्रभावी उबटन है। चेहरे के दाग-धब्बे, त्वचा का सूखापन और झुर्रियां दूर करने के लिए मेथी के पत्तों को पीस कर चेहरे पर पांच मिनट तक लगाएं। फिर साफ पानी से धो लें। बढती आयु या अधिक मेकअप की वजह से यदि रोमछिद्र बडे हो गए हों तो नीबू का रस कच्चे दूध में मिलाकर चेहरे पर लगाएं। कील मुंहासे, दाग या चेहरे पर निशान लंबे समय तक नारियल पानी लगाने से मिट जाते हैं। यदि नारियल पानी उपलब्ध न हो तो दूध में बताशा भिगोकर या पानी में मिश्री भिगोकर चेहरे पर लगाएं। धीरे-धीरे दाग धब्बे दूर होंगे। चेहरे की रंगत निखारने के लिए आंवले के चूर्ण को दाल या सब्जी में अमचूर के स्थान पर डाल कर खाएं। भोजन के बाद आंवले के चूर्ण को फांक लें। इससे खून साफ होता है, त्वचा में निखार आता है। बालों की सफेदी हटाने के लिए मेहंदी में आंवला, मेथी दाना, चुकंदर का रस मिलाकर लगाने से वे कुदरती तौर पर काले और चमकदार दिखते हैं। |