गब्बर का अड्डा बनेगा अब गिद्धों की पनाहगाह बेंगलूर।
सुपर हिट हिंदी फिल्म 'शोले' के खूंखार खलनायक गब्बर सिंह के अड्डे पर अब लंबी चोंच वाले विलुप्तप्राय गिद्ध मंडराते नजर आएंगे। गिद्धों के संरक्षण और उनकी संख्या बढ़ाने के लिए कर्नाटक सरकार ने रामदेवरा बेट्टा में एक अलग पक्षी विहार बनाने का फैसला किया है। यही वह जगह है जहां फिल्म 'शोले' में डाकू गब्बर सिंह के अड्डे की शूटिंग हुई थी।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार रामदेवरा में लंबी चोंच वाले गिद्ध दिखने के बाद ही इस स्थान को इन दुर्लभ और विलुप्तप्राय पक्षियों के लिए संरक्षित करने की योजना बनाई गई। पक्षी प्रेमियों और वन अधिकारियों को इस इलाके में अब तक करीब 150 गिद्ध दिख चुके हैं। पक्षी विहार के लिए रामदेवरा के आसपास के 20 किलोमीटर इलाके को चिन्हित किया गया है।
इस पक्षी विहार में एक गिद्ध रेस्तरां भी बनाया जाएगा। यहां गिद्धों को मृत जानवर परोसे जाएंगे। गिद्धों का यह भोजन डाइक्लोफेनेक नामक रसायन से मुक्त होगा। उल्लेखनीय है कि यह रसायन ही इन खूबसूरत पक्षियों के संरक्षण के लिए खतरा बन रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार पशु चिकित्सक मवेशियों को ऐसी दवाएं देते हैं जिनमें डाइक्लोफेनेक रसायन पाया जाता है। यह रसायन मृत जानवरों के शरीर में भी एक सप्ताह तक सक्रिय रहता है। गिद्ध जब मृत जानवर का मांस खाते हैं तो यह उनके लिए घातक हो जाता है।
विलुप्त होने की कगार पर पहुंच चुके गिद्धों के संरक्षण के लिए देश में यह अपनी तरह की दूसरी कोशिश है। इससे पहले गिद्धों की संख्या बढ़ाने के लिए हरियाणा के पिंजौर में एक कृत्रिम प्रजनन केंद्र स्थापित किया गया था।