एक धीमी सरसराहट सी आवाज आती रही, उस निर्दयी मुंह बंद होने के बाद भी। एक या दो जादूगर ज्यादा से ज्यादा थोड़ा कंप गए, जब सरसराहट
और तेज हो गयी; मेज के नीचे कोई भारी सी चीज, फर्श पर सरकती सी सुनाई दे रही थी। एक विशालकाय साँप
वोल्डेमॉर्ट की कुर्सी के ऊपर धीरे धीरे आ गया था। वह और उठा, जैसे कि अंतहीन हो, और वोल्डेमॉर्ट के कंधों के पास आकर ठहर गया; उसकी गरदन आदमी की जाँघ के बराबर थी; उसकी आँखें, खड़ी पुतलियाँ और बगैर झपके भयावह थीं। वोलडेमॉर्ट ने अपनी लंबी, पतली उँगलियों से उस जानवर को यूँ ही थपथपाया, अभी तक मैलफोय को देखते हुए। "इतना सबकुछ होने के बावजूद मैलफोय परिवार इतना दुखी क्यों है? क्या मेरी वापसी, मेरी शक्ति का उत्थान, क्या इतने सालों तक इन चीजों की कामना नहीं की गई थी?" "जी बिल्कुल, मेरे मालिक," लुसियस मैलफोय ने कहा। उसका हाथ कंपकंपाते हुए अपने ऊपर के होंठ पर आया पसीना पोंछने लगा। "हमने इनकी ही कामना की थी - अभी भी।" मैलफोय के बाँई ओर, उसकी पत्नी ने उदासीन भाव से सिर हिला दिया, उसकी आँखें वोल्डेमॉर्ट और सांप से हट गयीं। उसके दाँई ओर, उसका बेटा, ड्रेको, जो ऊपर लटकते हुए शरीर को घूर रहा था, फौरन वोल्डेमॉर्ट की ओर मुड़ा और आँख मिलाने के डर से वापस मुड़ गया। "मेरे मालिक," एक सांवली औरत ने आधी मेज की ओर से कहा, उसकी आवाज जज्बात में बह गयी थी, "आपको यहाँ देखना हमारा सौभाग्य है, हमारे पुश्तैनी घर में। इससे बड़ी खुशी और कुछ नहीं हो सकती है।" वह अपनी बहन के बगल में बैठ गयी, अपनी बहन के नैन-नक्शों से हटकर, उसके काले बाल और ज्यादा ही ढकी पलकों के साथ, जैसे कि वह किसी भारी भरकम दुख को झेल रही हो और दुर्व्यवहार सह रही हो; जबकि नार्सिसा दृढ़ता और शांत स्वभाव के साथ बैठी थी,
बैलाट्रिक्स वोल्डेमॉर्ट की ओर झुकी, क्योंकि सिर्फ शब्द ही उसकी वफादारी का सबूत नहीं बन सकते थे। "इससे बड़ी खुशी और कुछ नहीं हो सकती है।" वोल्डेमॉर्ट ने दोहराया, उसका सिर एक तरफ झुक गया जैसे ही उसने बैलाट्रिक्स की बात पर गौर किया। "तुमसे ऐसी ही बात की उम्मीद थी, बैलाट्रिक्स।" उसका चेहरा लाल पड़ गया; उसकी आँखें खुशी के आंसुओं से भर गयीं। "मेरे मालिक जानते हैं कि मैं सच के अलावा और कुछ नहीं बोलती हूँ!" "इससे बड़ी और कोई खुशी नहीं हो सकती है . . . उस घटना की तुलना के साथ, मैंने सुना, जो तुम्हारे परिवार में इसी हफ्ते हुई?" वह उसे घूरने लगी, होंठ खुल गए, थोड़ा अचंभे में थी। "मैं नहीं जानती आप क्या कह रहे है, मेरे मालिक।" "मैं तुम्हारी भतीजी की बात कर रहा हूँ, बैलाट्रिक्स। और तुम्हारी, लुसियस और नार्सिसा। उसने अभी अभी आदम भेड़िया, रीमस लुपिन से शादी की है। तुम्हें काफी गर्व होना चाहिए।" मेज के हर तरफ एक दिल दुखाने वाली हंसी फैल गयी। कई खुशनुमा चेहरे एक दूसरों को देखने के लिए मेज पर आगे झुक गए, कुछ ने मेज को अपने घूँसों से ठोका। विशाल साँप, जिसे ये हड़बड़ कुछ नाराज कर गई, ने अपना मुँह खोला और गुस्से से सरसराया, पर प्राणभक्षकों ने उसे नहीं सुना। वे तो बस बैलाट्रिक्स और मैलफौय परिवार का मजाक उड़ा रहे थे। बैलाट्रिक्स का चेहरा, जो अभी हाल ही में खुशी के मारे लाल पड़ गया था, अब भद्दा, क्रोध के मारे लाल हो गया। "मेरे मालिक, वह हमारी कोई भतीजी नहीं है," वह हद से ज्यादा बढ़ती खुशी के ऊपर चिल्ला पड़ी। "हमने - नार्सिसा और मैं - तबसे उससे आँख तक नहीं मिलाई है जबसे उसने एक बद्जात से शादी की है। उस नामाकूल का हमारे साथ कोई लेना-देना नहीं है, ना ही किसी जानवर का, जिससे उसने शादी की है।" "तुम क्या कहते हो, ड्रेको?" वोल्डेमॉर्ट ने पूछा, और हालाँकि उसकी आवाज काफी शांत थी, पर फिर भी वह बिल्लियों की आवाजों और बेड़ियों की घरघराहट को पार करते हुए उस तक पहुँच ही गई। "क्या तुम भेड़िया के बच्चों को पाल लोगे?" व्यंग कुछ ज्यादा सिर चढ़ गया; ड्रेको मैलफोय ने भय से अपने पिता की ओर देखा, जो कि खुद ही की गोद में नीचे देख रहा था, फिर अपनी माँ की आँखों में देखा। उसने अपना सिर हिलाया, कुछ इस तरह से कि पता ही नहीं चला, फिर अपनी नजरों को सामने वाली दीवाल पर लटकी खाली कढ़ाई पर टिका दिया। "बहुत हुआ," वोल्डेमॉर्ट ने कहा, गुस्सैल सांप को थपथपाते हुए। "बहुत हुआ।" और ठहाके एकदम से रुक गए। "हमारे परिवार के वृक्षों में से कई कुछ समय के बाद बीमारी पकड़ लेते हैं," उसने कहा जैसे ही बैलाट्रिक्स ने उसे घूरा, बगैर सांस लिये और सुन्न पड़ते हुए। "क्या उन्हें स्वस्थ रखने के लिए, तुम्हें उन्हें छाँटना, संवारना नहीं चाहिए? उन हिस्सों को काट दो जो बाकियों के स्वास्थ्य़ के लिए खतरा बनें।" "जी हाँ, मेरे मालिक," बैलाट्रिक्स ने लगभग फुसफुसाहट में कहा, और उसकी आँखें एक बार फिर कृतज्ञता के आँसुंओं में बह गयीं। "पहलेही मौके में!" "तुम्हारे पास जरूर होगा," वोल्डेमॉर्ट ने कहा। "और तुम्हारे परिवार में, साथ ही पूरे संसार में . . . हम उन कीड़ों को खत्म कर देंगे जो हमें रोकेंगे जबतक कि केवल शुद्ध खून ही बचे . . ."